ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के सिंहपुर गांव में शुक्रवार को सुबह पैर फिसलने से गणेश पांडेय (32) पुत्र अवधेश पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण उसे जिला अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिंहपुर निवासी गणेश पांडेय मुंबई में नौकरी करता था। पांच दिन पूर्व छोटे भाई निखिल पांडेय की पत्नी की मौत होने पर तीन दिन पूर्व वह गांव आया था। शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे वह खेत से घर की तरफ जाते समय कुएं के समीप अचानक पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया। सिर और सीने में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने युवक को कुएं से बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक सप्ताह के अंदर घर में दूसरी मौत से परिवार वाले बेहाल हैं। प्रभारी निरीक्षक अरुण दूबे ने कहा कि पैर फिसलने से युवक कुएं में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।