ज्ञानपुर। जिले के 152 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार हटने की उम्मीद बढ़ गई है। करीब दो साल के बाद बिजली निगम ने बेसिक शिक्षा विभाग को स्टीमेट भेज दिया। जिस पर करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बेसिक की ओर से पैसा भेजने पर बिजली निगम उसे हटाएगा।
जिले में 892 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इसमें करीब एक लाख 67 हजार विद्यार्थी पंजीकृत हैं। ऑपरेशन कायाकल्प और अन्य मदों से स्कूलों की तस्वीर बदली जा रही है, लेकिन अब भी विद्यालयों के ऊपर और परिसर से गुजरे हाईटेंतशन तार से अभिभावक, विद्यार्थी और शिक्षक चिंतित हैं।
जिले के 152 विद्यालयों के परिसर या ऊपर से 11 हजार और 400 वाट के बिजली के तार गुजरे हैं। तेज हवा और बारिश में तार से उठने वाली चिंगारी बच्चों और शिक्षकों की धड़कनें बढ़ा देती हैं। काफी जद्दोजहद के बाद भदोही डिविजन की ओर से 69 विद्यालयों के ऊपर से तार हटाने के लिए करीब 52 लाख और ज्ञानपुर डिविजन में 59 विद्यालय में 68 लाख का स्टीमेट विभाग को दिया गया है। जिससे आने वाले समय में जर्जर बिजली के तारों से होने वाली दिक्कतों से विद्यालयों को मुक्ति मिल सकती है।
केस-एक
औराई के प्राथमिक विद्यालय कठारी के ऊपर से 11 हजार और 440 वोल्ट के तार गुजरे हैं। स्कूल के मध्य एक रास्ता भी है, जिससे दुर्घटना आशंका रहती है। दुर्गागंज के प्राथमिक विद्यालय रामनगर के गेट सामने लगे हाईटेंशन तार का खंभा झुक गया है। जिससे तार गेट तक लटक गया है।
केस-दो-
भदोही नगर से सटे मॉडल प्राथमिक स्कूल प्रजापतिपुर में 150 बच्चे पढ़ते हैं। यहां भी स्कूल के ऊपर से तार गुजरे हैं। प्रधानाध्यापिका कुसुम लता ने बताया कि बिजली निगम, शिक्षा विभाग और डीएम को पत्र दिया जा चुका है, लेकिन तार नहीं हटाए जा सके हैं।
91 स्कूल ऐसे हैं जो बिजली के तार खिंचने के बाद बने हैं। इन स्कूलों से हाईटेंशन हटाने के लिए विभाग की तरफ से पैसा दिया जाएगा। बिजली निगम से स्टीमेट भेजा गया है। शेष जहां स्कूल निर्माण के बाद तार खींचे गए हैं वहां बिजली निगम हटवाएगा। जल्द ही बजट स्वीकृत कराकर तार हटवाया जाएगा। - भूपेंद्र नारायण सिंह, बीएसए
- बेसिक शिक्षा विभाग के कहने पर स्टीमेट बनाकर भेजा जा चुका है। बिजली निगम की तरफ से कहीं भी भवन निर्माण के बाद तार नहीं खींचे गए हैं। - आदित्य पांडेय, एक्सईएन बिजली निगम, ज्ञानपुर प्रखंड