सुरियावां। सुरियावां रेलवे स्टेशन के पूर्वी फाटक के समीप शुक्रवार को देर रात ट्रेन से कटकर 25 वर्षीय पंच लाल यादव की मौत हो गई। जंघई जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के घर से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक पंच लाल पुत्र दूधनाथ यादव सुरियावां थाना क्षेत्र के बसवापुर का निवासी है। शाम को वह सुरियावां बाजार जाने को कहकर घर से निकला था। किस ट्रेन से हादसा हुआ यह पता नहीं चल सका है। मौके पर लगी भीड़ में से लोगों ने बताया कि किसी ने उसे ट्रेन के सामने कूदते हुए नहीं देखा। शव के ट्रैक के पास पड़े होने की सूचना मिलने के बाद स्टेशन मास्टर और जीआरपी तथा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आत्महत्या मान कर चल रही है। यदि घर वालों से कोई तहरीर मिली तो उसके अनुरूप कार्रवाई होगी।