जिले की सीमा से सटे अतरौरा रेलवे हाल्ट पर रेल लाइन पार करते समय युवक की ट्रेन के चपेट में आ जाने से मौके पर ही मौत हो गई। गोपीगंज थाना क्षेत्र के चितईपुर निवासी नितीश कुमार (18) पुत्र लवकुश शुक्रवार को दोपहर 11:30 बजे रेल लाइन पार कर रहा था। बताया जा रहा है कि इस ट्रैक से वाराणसी-प्रयागराज लोकल ट्रेन गुजर रही थी। जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर मृतक के मौसा कुरमैचा निवासी विजयभान ने शव की पहचान की। इसके बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। बरौत चौकी प्रभारी सौरभ पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप रानी नेहरू हॉस्पिटल प्रयागराज भेज दिया।