सिधारी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गुड़ की भेली के अंदर नशीली गोलियां छिपाकर जेल में पहुंचाने की कोशिश कर रही एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रीना देवी मऊ के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के कोइरियापार गांव की निवासी है। इसका खुलासा शनिवार को जेल के गेट नंबर दो पर तलाशी के दौरान हुआ।
29 मार्च को जेल में कैदियों से मुलाकात के लिए आए लोगों की तलाशी के दौरान डिप्टी जेलर अनीता देवी, जेल वार्डर रजत कुमार और राहुल कुमार ने रीना देवी के सामान की जांच की। तलाशी में उसके पास से एक काली पन्नी बरामद हुई, इसमें 28 गुड़ की भेलियां थीं। संदेह होने पर कारापाल रामनरेश गौतम को सूचना दी गई। गुड़ की भेलियों को तोड़कर जांच करने पर प्रत्येक भेली के अंदर एक-एक काले रंग की नशीली गोली मिली। 28 नशीली गोलियों का वजन 178 ग्राम और गुड़ का वजन 1.442 ग्राम पाया गया।
पूछताछ में खुलासा : रीना देवी ने बताया कि वह कैदी योगेश सिंह उर्फ सोनू सिंह निवासी याकूबपुर, थाना रानीपुर जनपद मऊ और सतीश सिंह उर्फ छोटू निवासी धनहुआ थाना जहानागंज से मिलने आई थी। यह नशीला पदार्थ इन्हीं कैदियों के लिए लाया गया था।
उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी इटौरा ने रीना देवी से पूछताछ की और कागजात मांगने पर वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सकी। इसके बाद उसे पुलिस हिरासत में लिया गया। महिला पीआरडी बीना कुमारी की सुपुर्दगी में उसे थाना सिधारी लाया गया।
रामनरेश गौतम, जेलर, जिला कारागार आजमगढ़ ने कहा कि एक महिला गुड़ की भेली अपने साथ लेकर आई थी। संदेह होने पर भेलियों को तोड़कर देखा गया तो उसमे नशीला गोलियां मिलीं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।0