ज्ञानपुर। जिले चल रही बड़ी परियोजनाओं का काम समय से पूरा हो और उसमें किसी भी स्तर पर मानकों की अनदेखी न हो। इसके लिए जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने हर परियोजनाओं की मॉनीटरिंग को दो-दो सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम परियोजनाओं की नियमित जानकारी लेने के साथ उनकी गुणवत्ता और काम की प्रगति की भी समीक्षा करेगी। जिससे परियोजनाएं मानक के अनुसार समय से पूरा हो सकेंगे।
जिले में जल निगम, बिजली विभाग, पर्यटन, पीडब्ल्यूडी और शिक्षा विभाग समेत अन्य तमाम विभागों में करीब 50 परियोजनाएं ऐसी हैं। जिसका काम तेजी से जारी है। जिसमें जलजीवन मिशन के तहत गांव-गांव में पेयजल टंकियों का निर्माण, पर्यटन विभाग की ओर से सीतामढ़ी व अन्य क्षेत्रों में कार्य, प्रोजेक्ट अलंकार के तहत वीएनजीआईसी में मल्टीपर्पज हाल, पुस्तकालय, प्रयोगशाला आदि का काम चल रहा है। इसी तरह पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से नवीन सड़कों निर्माण और तमाम सड़कों के चौड़ीकरण और मरम्मत का कार्य और बिजली विभाग की आरडीएसएस योजना शामिल हैं। इन परियोजनाओं में कई बार कार्य की धीमी प्रगति तो कई बार मानकों की अनदेखी की शिकायतें मिलती रहती है। जिससे परियोजनाओं का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाता है। ऐसी स्थिति में जिलाधिकारी निर्माण कार्य कर रही कार्यदायी संस्थाओं पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। अब इसकी निरंतर मॉनीटिरिंग के लिए डीएम ने निर्माणाधीन व निर्मित करीब 50 परियोजनाओं के लिए दो-दो सदस्यीय टीम का गठन किया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से सत्यापन करने वाली टीमों को परियोजनाओं के निर्धारित मानकों के आधार पर समीक्षा और सत्यापन करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि जिले में विकास परक कार्य समय से पूरा हो और मानक के अनुरूप हो। इसको लेकर यह पहल की गई है। सत्यापन करने वाली अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। जिससे निर्माण कार्य में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।