मोढ़। भदोही नगर के मीराशाह मोहल्ला निवासी हरिश्चंद्र गौतम (16) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उनकी बकरी चरते-चरते रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। उसे बचाने के चक्कर में वे खुद चपेट में आ गए। आसपास के लोग उन्हें महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में भर्ती कराए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उसे अन्यत्र रेफर कर दिया गया। इंदिरा मिल चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई। चक मीराशाह मोहल्ला अहमदगंज (गजिया) रेलवे फाटक से सटा है। सुबह करीब 7.30 बजे हरिश्चंद्र गौतम रेलवे लाइन के किनाने बकरी चरा रहा था। इसी बीच चरते-चरते बकरी रेलवे ट्रैक पर चली गई। इसी बीच भदोही से वाराणसी की ओर जा रही ट्रेन आ गई। बताया जा रहा है कि बकरी को ट्रैक से हटाने पहुंचा हरिश्चंद्र खुद ट्रेन के धक्के से दूर जा गिरा। हरिश्चंद्र गौतम एक बहन और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। तीन माह पूर्व ही बहन की शादी हुई है। दोनों शादी शुदा भाई अलग-अलग रहते हैं। ऐसे में हरिश्चंद्र ही मां-बाप का एकमात्र सहारा था।