गोपीगंज। अक्षय तृतीया पर शनिवार को आभूषण बाजारों में देर रात तक चहल-पहल देखी गई। दुकानों पर सोने-चांदी के साथ ही रत्न जड़ित जेवरों की खरीदारी हुई। ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने तरह-तरह के डिजाइन के फैंसी गहने मंगाए थे। अक्षय तृतीया पर पूरे जिले में पांच करोड़ से अधिक के व्यापार का अनुमान लगाया गया। अक्षय तृतीया पर नगर के आभूषण बाजारों की रौनक बढ़ी रही। ग्राहकों ने अपनी पसंद के गहनों को खरीदा। महंगे व वजनी गहनों की अपेक्षा ग्राहक सस्ते व फैंसी गहनों की खरीदारी में दिलचस्पी दिखा रहे थे। नगर के राष्ट्रीय राजमार्ग, सदर मोहाल सहित कई अन्य बाजारों में स्थित आभूषण की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखी। इसी तरह भदोही, खमरिया, घोसिया और जंगीगंज सहित ज्ञानपुर व सुरियावां के बाजार में भी आभूषणों की दुकानों में रौनक दिखी। खासकर महिलाओं ने आभूषण खरीदने में खासी दिलचस्पी दिखाई। हीरे की अंगूठी, टप्स व नोज किल आदि की महिलाओं ने खरीदारी की। नगर के बड़ा चौराहा स्थित आभूषण प्रतिष्ठान के अधिष्ठाता अरविंद कौशल बंटी ने बताया कि ग्राहकों की पसंद को देखते हुए सोने-चांदी के गहने मंगाए हैं। कैश के साथ ही इंटरनेट बैकिंग के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था भी की गई है। बताया कि महंगाई के कारण पहले की अपेक्षा इस बार व्यापार थोड़ा कमजोर रहा। पूरे जिले में पांच करोड़ से अधिक का व्यापार हुआ।