मोढ़। भदोही कोतवाली क्षेत्र के सरायछत्रशाह गांव में विवाहिता पूजा की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विवाहिता की मौत की पुष्टि हैगिंग से होना पाया गया। मृतका के भाई सचिन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
भदोही कोतवाली के मोढ़ चौकी अंतर्गत सरायक्षत्रशाह में रविवार को विवाहिता का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला था। घटना की जानकरी होते ही मायके पक्ष से परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता की मौत पर उसके भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। खमरिया निवासी सचिन ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पति समेत परिवार के अन्य लोग उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते। जिसकी उसने पूर्व में शिकायत भी की थी, लेकिन समझा बुझाकर शांत कराया गया। अब दहेज के लिए उसकी बहन की हत्या कर दी गई।
पुलिस ने मामले में पति अजय कुमार यादव, सास कुंतल देवी, जेठानी कोमल देवी, देवर आशीष यादव, चचिया ससुर राजनाथ यादव के साथ चचिया सास खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। सीओ अशोक मिश्रा ने बताया कि भाई की तहरीर पर पति समेत छह पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल किया गया है। पीएम रिपोर्ट में हैगिंग से मौत की पुष्टि हुई है।