गोपीगंज का बाबा बड़े शिव मंदिर। संवाद
- फोटो : poni news
ज्ञानपुर। गोपीगंज नगर स्थित बड़े शिव धाम मंदिर पर 300 फीट ऊंचे त्रिशूल की स्थापना की जाएगी। इसकी कवायद देव दीपावली के बाद शुरू होगी। इस कार्य में करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मंदिर परिसर में ही त्रिशूल का निर्माण किया जाएगा, जिसे नोएडा के कारीगर तैयार करेंगे। मंदिर पर रोजाना करीब 500 श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। शिव समिति के दीपक मोदनवाल ने बताया कि मंदिर परिसर में त्रिशूल स्थापित करने की योजना को मूर्त देने की तैयारी चल रही है। देव दीपावली के पश्चात इस पर काम शुरू होगा। मंदिर पर त्रिशूल लगने से दर्शनार्थियों और पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। मिर्जापुर रोड पर प्रयागराज और विंध्याचल की तरफ तीन स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। इसमें बाबा बड़े शिव धाम तक पहुंचने के लिए संकेतक लगाए जाएंगे। इसके अलावा मंदिर परिसर में अन्य कार्य भी कराए जाएंगे, जिससे मंदिर तक पर्यटकों को पहुंचने में आसानी हो। पर्यटकों के आने से रोजगार के अवसर भी खुलेंगे। उन्होंने बताया कि त्रिशूल स्थापना के लिए कई संगठन सामने आए हैं। बताते चलें कि बड़े शिव मंदिर जिले के प्रमुख शिवालयों में शामिल है। यहां पर सावन माह के अलावा प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।