वहिदानगर। आजादी के बाद से देश के सभी राजनैतिक दलों ने निषाद समाज को छलने का कार्य किया है। इससे हमेशा से निषाद समाज उपेक्षित होता रहा है। यह बातें गाजीपुर के पूर्व एमएलसी लालता प्रसाद निषाद ने कही। वे रविवार को डीघ सभागार में आयोजित समाजवादी निषाद सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि निषाद समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक लाभ के लिए किसी ने नहीं सोचा। अगर किसी ने सोचा है तो वह सपा मुखिया मुलायम सिंह ने। उन्होंने निषाद सहित 17 जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल कर उनके समाज के लोगों को आगे बढ़ने का रास्ता साफ किया है। इसके अलावा उन्होंने निषाद राज गुह जयंती पर अवकाश घोषित कर समाज को सम्मानित करने का कार्य किया है। उन्होंने समाज के लोगों से लोक सभा चुनाव में सपा को मजबूत करने की अपील की। विशिष्ट अतिथि विधायक विजय मिश्र ने कहा कि निषाद समाज पावन समाज है। इस समाज ने भगवान राम को नदी पार करने में सहयोग किया था। उन्होंने निषाद समाज के लोगों को 30 हैंडपंप देने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक शारदा प्रसाद बिंद ने की। संचालन सपा नेता कल्लूराम यादव ने किया। सम्मेलन में कमला शंकर महतो, ज्ञान बहादुर निषाद, भोलानाथ निषाद, उमाशंकर निषाद, रामआसरे निषाद, चंद्रिका प्रसाद निषाद, रामभजन निषाद, कृष्ण कुमार यादव, लालजी यादव सहित अन्य तमाम लोग मौजूद रहे।
सपाइयों ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
23 से शुरू होगा सपा का सघन जनसंपर्क अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
ज्ञानपुर। सपा जिला कार्यालय में रविवार को हुई जिला कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इस मौके पर सपाइयों ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इसके अलावा 23 अप्रैल को वेदपुर से जनसंपर्क अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया।
औराई विधायक मधुबाला पासी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चुनाव पूर्व किए गए वादे के मुताबिक विकास कार्य किया है। जो कि विपक्षी दलों को रास नहीं आ रहा है। भदोही विधायक जाहिद जमाल बेग ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य दिल्ली की कुर्सी पर अपना दबदबा बनाना है। जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि सपा सरकार ने एक वर्ष की अल्प अवधि में सभी के हित में कार्य किया है। बैठक को औराई विधान सभाध्यक्ष डॉ. सलवारुल हक, पन्नालाल यादव, मेवालाल यादव, राम करन, केश नारायण, केश नारायण यादव, संजय सिंह, रामयज्ञ पाल, लाल बहादुर, मेवा पासी ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार और संचालन महासचिव कुंवर प्रमोद चंद मौर्य ने किया। इस मौके पर वंशीधर गुप्ता, अली शेर खां, राधेश्याम यादव, मनोज दुबे आदि मौजूद रहे।