वहिदानगर। सामाजिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक चेतना के लिए भारतीय विज्ञान एवं राष्ट्रीय अभियान के तहत हिंद स्वराज की ओर निकाली गई गंगा जलयात्रा सीतामढ़ी पहुंचने के बाद सोमवार को संक्षिप्त कार्यक्रम के बाद काशी के लिए रवाना हो गई। एक नवंबर से इलाहाबाद के प्रयाग से शुरू हुई यह यात्रा आगामी 11 नवंबर को गंगा तटीय इलाके में बसे लोगों को जागरूक करते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
सीतामढ़ी स्थित लवकुश इंटर कालेज में ठहरने के दौरान यात्रा में शामिल लोगों ने सत्यमेव जयते और हिंद स्वराज का उद्घोष किया। यात्रा में शामिल विभिन्न क्षेत्रों के योग्यतम और सफलता प्राप्त कर चुके लोगों ने विद्यालय में आयोजित गोष्ठी में छात्रों और क्षेत्रीय ग्रामीणों को जागरूक किया। बताया गया कि गंगा घाटों की सफाई, तटीय इलाकों में चौपाल के अलावा विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। ताकि लोगों को अपने हिंद स्वराज की जानकारी हो सके। इस मौके पर गंगा जल यात्रियों ने मौके पर लोगों को हिंद स्वराज पत्रिका का भी वितरण कर पांच पौधों का रोपण भी किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक राज किशोर मिश्र, रामधर पांडेय, शिव पूजन शुक्ला, बबलू पांडेय आदि मौजूद रहे।