ज्ञानपुर/बाबूसराय। वन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित आरामशीनों पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से संचालित हो रही कुल नौ आरा मशीनों को सीज किया गया। आरा मशीनों को सीज करने के साथ लकड़ी समेत लगभग दस लाख रुपये से अधिक के उपकरण भी जब्त किए गए। वन विभाग की इस कार्रवाई से जिले के आरा मशीन संचालकों में हड़कंप मच गया। कई संचालकों ने आरा मशीनों को बंद करके मौके से फरार हो गए।
औराई रेंज के वन दारोगा विजय कुमार ने जंगीगंज में मनोज विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, बाबूसराय में लल्ला विश्वकर्मा, गिर्द बड़गांव में मोहम्मद सलीम की आरा मशीनों को सीज कर दी गई। लगभग दस लाख कीमत की लकड़ी समेत अन्य उपकरण भी जब्त कर लिया गया। इसी तरह ज्ञानपुर रेंज के एके पांडेय ने मयफोर्स सुरियावां में दयाराम विश्वकर्मा, शिव भूषण दुबे, दुर्गागंज बाजार में विंध्य वासिनी पांडेय, पन्नालाल चौहान की अवैध आरा मशीनों को सीज कर दिया है। इनके यहां से भी लाखों का सामान जब्त किया है। वनविभाग की कार्रवाई टीम में रितेश मिश्र, वन दारोगा ज्ञान प्रकाश, राम प्यारे, राम बहादुर, प्रेमचंद पटेल, राजेंद्र आदि शामिल थे।