दुर्गागंज। अभोली ब्लाक के 150 गांवों में 10 से 12 घंटे नहीं बल्कि 24 घंटे में 22 घंटे तक बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। कटौती को लेकर ग्रामीणों में प्रदेश सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी है। ग्रामीण पीएम को पत्र भेजकर इसकी शिकायत करेंगे।
शासन स्तर से शहरी इलाकों में कम से कम 14 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 10 घंटे बिजली देने का निर्देश है लेकिन जिले में अघोषित बिजली कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। अभोली ब्लाक के मिश्राइनपुर, दुर्गागंज, अभोली फीडर से जुड़े करीब 150 गांवों में पिछले एक माह से एक या दो घंटे ही बिजली प्रतिदिन मिल रही है। अघोषित कटौती से ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश न होने से नहरों और पंपिग सेट से सिंचाई की सोच रहे किसानों को कटौती ने तगड़ा झटका दिया। जिससे उनकी फसल खेत में ही सूख गई। ग्रामीण भदोही के फत्तूपुर विद्युत उपकेंद्र से कटौती के बारे में पूछते हैं तो उल्टे सीधे जवाब दिए जाते हैं।
कटौती को लेकर ग्रामीण काफी नारा हैं। कटौती से कुढ़वा, थानीपुर, बीरापुर, भंडा, शेरपुर, नवलपुर, करनपुर, रामनगर, दयालपुर, बझपट्टी, जद्दूपुर, मिश्राइनपुर, मसुधी, गड़ौरा, छनौरा, गंगारामपुर, नीबीचौर, गोकुलपट्टी, बसवापुर, अभोली, नागमलपुर, सदौपुर, परऊपुर, महासिंहपट्टी, भंडा सहित 150 गांव प्रभावित हैं। ग्रामीण संतोष सिंह, संजय सिंह, लवकुश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ प्रधानमंत्री को पत्र भेजा जाएगा। वहीं दूसरी ओर अधिशासी अभियंता एके श्रीवास्तव ने कहा कि जितनी बिजली मिल रही है उतनी क्षेत्रों में दी जा रही है। लोकल फाल्ट के चलते भी कटौती होती रहती है।