ज्ञानपुर। लोहि आवास के लाभार्थियों की सूची में अपात्रों का नाम डालने से नाराज अभोली ब्लाक के लोहिया ग्राम मतेथू के ग्रामीणों ने मंगलवार को ज्ञानपुर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। तहसील दिवस के मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र देकर आवास सूची में शामिल अपात्रों की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि प्रधान ने अपने चहेतों के नाम शामिल किया है।
प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने कहा कि काफी मशक्कत के बाद मतेथू गांव को लोहिया समग्र ग्राम के तहत चयनित किया गया। समग्र ग्राम के तहत तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर आवास के लिए लाभार्थियों की सूची बनाने का कार्य शुरू किया गया। इसमें गांव के कुल 75 से 80 लोगों की सूची बनाई गई। लेकिन बाद में कमेटी के अन्य सदस्यों के साथ मिलीभगत करके पात्रों और गरीबों को सूची से बाहर कर दिया गया। इसके बाद उनके स्थान पर सुविधा संपन्न अपात्र लोगों के नाम सूची में शामिल कर दिया गया है। इसके लिए प्रधान को दोषी ठहराया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि सूची की निष्पक्षता के साथ सत्यापन नहीं किया गया तो पात्र और गरीब योजना के लाभ से वंचित हो जाएंगे। ग्रामीणों ने सूची को सत्यापन कराकर फाइनल करने की मांग की। जिससे गरीबों और पात्र लोगों को वंचित न होना पड़े। इस मौके पर अनीता देवी, राजकुमार, मदीना बेगम, बाबू सलाम अंसारी, रंगलाल, राजपति सहित दो दर्जन से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे।