ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर शिक्षकों- कर्मचारियों ने सोमवार को मशाल जुलूस निकाला। सरकार से मांग किया कि चुनाव से पूर्व उनकी पेंशन को बहाल किया जाए अन्यथा वृहद स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
प्रांतीय पर्यवेक्षक चंद्रशेखर मिश्र और सुधीर सिंह के नेतृत्व में बीआरसी ज्ञानपुर से मशाल जुलूस निकला। शीतल पाल तिराहा, राजा पार्क, दुर्गागंज तिरमुहानी, जिला पशु अस्पताल, पुरानी बाजार होते हुए बीआरसी पर समाप्त हुआ। प्रांतीय पर्यवेक्षक चंद्रशेखर मिश्र ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षकों- कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाली का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। सरकार को चेताते हुए कहा कि अविलंब इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी चुनाव में भाजपा को भुगतना पड़ेगा। मौके पर धर्मराज यादव, घनश्याम यादव, सुधीर सिंह, मनोज उपाध्याय, अरुण पांडेय, समरजीत, मनोज शुक्ला, हरिश्चंद्र पाठक, केके मौर्य, सुभाष पाल, सूर्यकांत मौर्य, कृष्ण गोपाल, सत्येंद्र कुमार श्रीवास्तव, प्रदीप वर्मा, चिंतामणि दूबे आदि रहे।