ज्ञानपुर। सामान्य लोक सभा निर्वाचन-2019 की तैयारियों के संबंध में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार हुई बैठक में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने चुनाव से पहले जांच कर शस्त्रों को जमा कराने और मतदान बूथों पर व्याप्त समस्याओं का निराकरण कराने का निर्देश दिया है।
कहा कि निर्वाचन बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य है इसमें सभी का योगदान जरूरी है। इसके लिए संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते हुए आधारभूत व्यवस्थाएं दूर कराएं। मतदान केंद्र/बूथ का भ्रमण कर व्याप्त कमियों को समय रहते दुरुस्त कराएं ताकि मतदान कार्मिकों सहित मतदाताओं को किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो सके। भ्रमणोपरांत यदि कहीं भी रैंप, पेयजल, फर्नीचर, शौचालय, शेड, विद्युत आदि की समस्याएं है तो निरीक्षण पुस्तिका में अंकित कर संबंधितों को अवगत कराते हुए पूर्ण कराया जा सके। बूथ पहुंच मार्गों को भी अविलंब ठीक करवाने का निर्देश डीआईओए एवं बीएसए को दिया। वहीं एसडीएम व पुलिस प्रशासन को शस्त्र दुकानों के सत्यापन करने, लाइसेंसी असलहाधारियों की जांचकर शस्त्रों को थानों में जमा कराने को कहा गया। मामलों में शिथिलता न बरतने की हिदायत दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश एस, अपर जिलाधिकारी रामसिंह वर्मा, उप जिलाधिकारी भदोही यमुनाधर चौहान, ज्ञानपुर अमृता सिंह, औराई कविता मीना, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।