मोढ़। सुरियावां थानाक्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव निवासी एक युवक की शुक्रवार को मुंबई में ट्रेन दुर्घटना में मौत हो गई। खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि गांव निवासी संतोष कुमार यादव का बड़ा लड़का कृष्ण कुमार यादव (22) मुंबई में स्नातक की पढ़ाई के बाद नेवी की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार को दोपहर में लोकल ट्रेन से वह कहीं जा रहा था। रास्ते में असंतुलित होकर वह ट्रेन से गिर गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गांव वालों ने बताया कि कृष्ण कुमार काफी मिलनसार स्वभाव का था। खबर मिलने पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमापति यादव, चंदा यादव, शीलवंता यादव समेत बड़ी संख्या में लोग उसके घर जाकर परिवार वालों को ढांढ़स बंधाया। देर रात तक परिजनों के रोने बिलखने से माहौल करुण बना रहा।