ज्ञानपुर। इसाई धर्मावलंबियो के सबसे बड़े पर्व क्रिसमस की तैयारी पूरी हो गई है। चर्च संग स्कूलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पूर्व संध्या पर सोमवार को बाजारों में सेंटा क्लॉज समेत उपहारों की खरीदारी की गई। लोगों ने एक दूसरे को पर्व की बधाई भी देनी शुरू कर दी।
मान्यता है कि इसी दिन प्रभु ईसा मसीह ने जन्म लिया था। पर्व को लेकर शहर के चर्चों और क्रिश्चियन स्कूलों में तैयारी पूरी कर ली गई है। ईसा मसीह के जन्मदिन पर क्रिश्चियन स्कूलों में भव्य सजावट की गई है। वहीं, प्रार्थना, पूजा, जागरण के साथ-साथ स्कूलों में रंगारंग कार्यक्रमों का क्रिसमस डे पर आयोजन किया गया है। क्रिसमस पर्व (बड़ा दिन) को लेकर गोपीगंज और भदोही स्थित चर्च को जहां सजाया गया है वहीं सोमवार को प्रार्थन सभा को लेकर रिहर्सल भी किया गया। इसी तरह सेंट थामस स्कूल ज्ञानपुर, गोपीगंज समेत ईसाई मिशनरी के स्कूलों को सजाया गया है। स्कूलों में वैसे तो 15 दिन से तैयारियां चल रहीं हैं। चर्चों की रंगाई, पुताई कर झालरों, झूमरों, बल्बों से आकर्षक झांकियों को सजाया गया है। गुब्बारों, किरन बेल, पतलइयों से सजावट की गई है। रात्रि जागरण के साथ 25 दिसंबर को सुबह प्रार्थना सभा होगी और उसके बाद केक काटा जाएगा। स्कूलों की ओर से बच्चों को उपहार भी वितरित किया जाएगा। सोमवार शाम को ज्ञानपुर, भदोही, गोपीगंज, घोसिया आदि बाजारों में लोगों ने उपहार आदि की खरीदारी की।