ज्ञानपुर। बदलते मौसम के बीच बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। बड़ी संख्या में बुखार, उल्टी-दस्त और त्वचा से संबंधित बीमारियों की चपेट में आने से लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल से लेकर अन्य अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। फिजिशियन से लेकर नेत्र रोग विशेषज्ञ तक के चैंबर में मरीजों की भीड़ रही।
सर्दी की दस्तक होते ही अस्पताल में वायरल मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। दिन में सामान्य तापमान के मुकाबले रात में ठंड के चलते लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। शुक्रवार को सामान्य दिनों की अपेक्षा अस्पताल में काफी ज्यादा मरीज पहुंचे। जिससे फिजिशियन कक्ष से लेकर नेत्र रोग विशेषज्ञ के चैंबर में मरीजों की लंबी कतार लगी रही। इसमें सबसे ज्यादा बुखार, उल्टी-दस्त और त्वचा से संबंधित बीमारी से पीड़ित लोग पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को महाराजा चैत सिंह जिला चिकित्सालय की ओपीडी में 818 मरीज डाक्टर को दिखाने पहुंचे, वहीं अस्पताल की इमरजेंसी में गंभीर रूप से पीड़ित 21 मरीजों को भर्ती किया गया। जिला चिकित्सालय के गला एवं चेस्ट रोग विशेषज्ञ प्रभारी सीएमएस डा. अतुल श्रीवास्तव ने बताया की मौसम बदलने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ा है। इससे बचने के लिए तैलीय पदार्थों से परहेज करने के साथ ज्यादा से ज्यादा हरी सब्जियों का प्रयोग करें। बाहर निकलते समय मुंह में मास्क का प्रयोग जरूर करें।