भदोही। शहर की स्वच्छता व्यवस्था जांचने के लिए शुक्रवार को तीन सदस्यीय दल भदोही पहुंचा। इस दौरान नगर पालिका परिषद की कार्यालय की साफ सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। टीम के सदस्य शनिवार को नगर भ्रमण कर स्वच्छता अभियान की हकीकत परखेंगे। जांच टीम के सदस्यों ने सफाई निरीक्षक सैलेश ठाकुर से पालिका की सफाई व्यवस्था, पालिका के पास उपलब्ध संसाधनों, निस्तारण व्यवस्था के साथ साथ सफाई कर्मियों, सफाई वाहनों व अन्य जानकारी हासिल की। अभिलेखों की घंटों जांच की। मुख्य जांच अधिकारी योगेश उपाध्याय ने बताया कि स्वच्छता की 44 कसौटी पर जांच करने आए हैं। इसमें क़ू ड़ा उठान, प्रबंधन, कूड़ा कलेक्शन की स्थिति जांचने के अलावा मोहल्लों में कूड़ा निस्तारण की क्या दशा है। सब जांचा जाएगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को फाइलों और अभिलेखों की जांच के बाद शनिवार को नगर की हकीकत परखेंगे। साथ ही नागरिकों से सफाई पर फीडबैक भी लेंगे। जांच रिपोर्ट शासन को प्रेषित किया जाएगा।