ज्ञानपुर (भदोही)।
चुनावी ड्यूटी करने के बाद पारिश्रमिक को लेकर परेशान रहने वाले पीठासीन और मतदान अधिकारियों को अबकी बार परेशान नहीं होना पड़ेेगा। प्रशासन की ओर से उन्हें मतदान केंद्रों पर ही पारिश्रमिक दिलाने की व्यवस्था की गई है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व के चुनावों में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिले में 26 नवंबर को दो नगर पालिकाओं और पांच नगर पंचायतों समेत सात नगर निकायों में मतदान होना है। प्रशासन की ओर से मतदान की करीब-करीब सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। 89 मतदान केंद्रों के 244 बूथों पर होने वाले मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए करीब 1083 पीठासीन और मतदान अधिकारी लगाए गए हैं। इसमें 10 फीसदी कर्मचारी सुरक्षित रखे गए हैं। आयोग की ओर से पीठासीन अधिकारी को 1550 रुपये, मतदान अधिकारी प्रथम को 1150, मतदान अधिकारी द्वितीय को 950 और मतदान अधिकारी तृतीय 600 रुपये पारिश्रमिक दिया जाएगा। 26 नवंबर को मतदान ड्यूटी के दौरान ही सेक्टर मजिस्ट्रेट सभी को मौके पर जाकर पारिश्रमिक देंगे। उप निर्वाचन अधिकारी हरिशंकर सिंह ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में लगने वाले पीठासीन और मतदान अधिकारियों को इस बार मतदान केंद्र पर ही पारिश्रमिक दिया जाएगा। इसके लिए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया है।