ज्ञानपुर/गोपीगंज (भदोही)।
सड़क, नाली समेत अन्य निर्माण कार्यों में धांधली की चल रही जांच का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को चेयरमैन एवं समर्थक और शिकायतकर्ताओं ने मुख्यमंत्री समेत अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाया है।
चेयरमैन खेमे ने सीएम को भेजे पत्र में शिकायतकर्ताओं पर विकास कार्यों में खलल डालने का आरोप लगाया तो सभासद विंदेश गुप्ता, पूर्व सभासद मजहरूल्लाह गुड्डू और अनूप जायसवाल ने मुख्यमंत्री गृहमंत्री, प्रमुख सचिव, नगर विकास मंत्री, कमिश्नर, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर चेयरमैन भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच की पैरवी बंद करने, पैसे लेकर शांत हो जाने एवं मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को वे जांच रिपोर्ट लेने मुख्यालय जा रहे थे। मुख्यालय से कुछ पहले एक टवेरा ने उनकी बाइक में टक्कर मारने का प्रयास किया। आरोप लगाया कि टवेरा में चेयरमैन कुछ सभासदों के साथ बैठे थे। इससे वे भयभीत हो गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उधर, चेयरमैन के समर्थन में प्रेमचंद बिंद, मुकेशलाल, पूजा, अशोक, प्रेमलता, संतोष आदि ने हस्ताक्षर किए हैं।