ज्ञानपुर। अप्रैल के शुरुआती दिनों में ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम के मिजाज बदलने के साथ ही मौसमी बीमारियां भी पांव पसारने लगीं हैं, जिससे जिला अस्पताल में ओपीडी और इमरजेंसी में सामान्य दिनों से ज्यादा मरीज पहुंचने लगे हैं। डाक्टरों के अनुसार अनियमित खान-पान, बासी खाना के साथ-साथ दूषित पानी के प्रयोग से ज्यादातर लोग इस मौसम में बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।
इस बार अभी से गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हफ्तेभर से महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल में प्रतिदिन 800-1100 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। जबकि मार्च महीने में ओपीडी में 600-800 मरीज पहुंच रहे थे। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 929 मरीजों दिखाने पहुंचे। वहीं इमरजेंसी में 47 मरीजों को भर्ती कर उपचार किया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए संबंधित दवाइयां प्रचुर मात्रा में उपलब्ध करा दी गईं हैं। इमरजेंसी के डॉ. प्रदीप सिंह ने बताया की मौसम में हो रहे बदलाव और लापरवाही बामारियों की वजह बनती हैं। इससे बचने के लिए इस मौसम में खान-पान में विशेष ध्यान देने के साथ ही मच्छदानी का प्रयोग करना, धूप से आने पर तुरंत पानी नहीं पीना और बिना सिर ढंके धूप में नहीं निकलने की सलाह दी। कहा इस मौसम में ताजा खाना और शुद्ध पेयजल के प्रयोग का विशेष ध्यान देना चहिए।