ज्ञानपुर। एक अप्रैलसे शुरू हो रहे नए शिक्षा सत्र में पढ़ाई से दूर 934 बच्चों का स्कूलों में दाखिला कराया जाएगा। हाउस होल्ड सर्वे के पहले चरण में चिह्नित बच्चों के प्रवेश की तैयारी पूरी करा ली गई है। आसपास के परिषदीय स्कूलों में बच्चों का एडमिशन कराया जाएगा।
सभी पढ़ें, आगे बढ़ें के स्लोगन को साकार करने के लिए गांव-गांव में प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में प्र्रवेश के लिए हाउस होल्ड सर्वे चल रहा है। बड़ी संख्या में गरीब बच्चे ईंट-भट्ठा, कूड़ा बीनने वालों के बच्चे पढ़ाई नहीं कर पाते। ऐसे बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए हर साल शिक्षा विभाग की ओर से हाउस होल्ड सर्वे कराया जाता है। जो बच्चे स्कूल नहीं जाते, उनके अभिभावकों से वार्ता कर बच्चों का प्रवेश कराया जाता है। एक से 31 मार्च तक हाउस होल्ड के पहले सर्वे में 934 बच्चों को चिह्नित किया गया है। सभी का प्रवेश आसपास के स्कूलों में कराया जाएगा। दूसरे चरण में सर्वे 21 मई से 30 जून तक चलेगा। उसमें चिह्नित होने वाले बच्चों का प्रवेश जुलाई में होगा। जिला समन्वयक सामुदायिक आरके सिंह ने कहा कि हाउस होल्ड सर्वे 31 मार्च तक पूर्ण होगा। उसके बाद अप्रैल में सभी को प्रवेश दिलाया जाएगा। बताते चलें कि पूर्व के वर्षो में हाउस होल्ड सर्वे के दौरान बच्चों की संख्या डेढ़ से लेकर दो हजार तक रहती थी, लेकिन धीरे-धीरे ऐसे बच्चों की संख्या में कमी आई।