ज्ञानपुर। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना रविवार को शाम जारी होने के साथ ही प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि प्रथम चरण में 24 घंटे के अंदर सभी प्रचार-सामग्री, बैनर-पोस्टर आदि को हटाया जाएगा। चुनाव के मद्देनजर तीनों विधानसभाओं को पूर्व में ही 10 जोन और 80 सेक्टरों में बांटा गया है। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट संग नोडल अधिकारी भी नामित हो चुके हैं। मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण भी कराया जाएगा। आयोग से मिले दिशा-निर्देश के तहत सभी कार्य होंगे। आयोग से पत्र आने के बाद सभी नामांकन, नाम वापसी और मतदान को लेकर फाइनल स्थिति तय होगी।