भदोही। भदोही - वाराणसी रेल मार्ग के भदोही स्टेशन के आनंद नगर रेलवे फाटक पर रविवार की शाम वाहन फाटक के बूम में फंस जाने से फाटक पर अफरा तफरी मच गई। उसी समय ट्रेन आगमन संकेत मिलने से गेटमैन परेशान हो उठा। लेकिन गेटमैन ने तत्परता दिखाते हुए मौजूद लोगों की सहायता से स्थिति को संभाल लिया किसी तरह वाहन को बाहर निकलवाया।
जानकारी के अनुसार सायं 4.30 बजे ज्ञानपुर रोड की ओर से आई एक चार पहिया प्रचार वाहन रेलवे फाटक के गेट से भिड़ गया। भिड़ने पर हुए तेज आवाज से वहां से गुजर रहे लोग घबरा गए और मौके पर जमा हो गए। इसी बीच किसी ट्रेन के आने की सूचना मिली तो गेटमैन के माथे पर बल पड़ गए। राहत की बात रही कि वहां काफी लोग मौजूद थे जिन्होंने तत्काल वाहन को निकालने में सहयोग किया। इस संबंध में स्टेशन मास्टर जीपी सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। ना ही ट्रेनों के आवागमन में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न हुआ।