ज्ञानपुर। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को स्कूल प्रबंधकों के साथ जिलाधिकारी ने बैठक में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्रबंधकों को मान्यता लेने के बाद संचालन का निर्देश दिया। कहा कि बगैर मान्यता विद्यालय संचालन पर कानूनी कार्रवाई के साथ एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
12 जनवरी को लखनो गांव में हुए स्कूली वैन हादसे के बाद जिलेभर में सौ से ज्यादा अवैध विद्यालयों सील किए जा चुके हैं। इस संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने मान्यता प्राप्त एवं गैर मान्यता प्राप्त विद्यलाय प्रबंधकों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि बिना मान्यता किसी कीमत पर विद्यालयों का संचालन नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को अवैध विद्यालय संचालकों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। कहा कि जो भी विद्यालय बिना मान्यता लिए संचालन कर रहे हों, उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के साथ एक लाख का जुर्माना लगाएं। वहीं एआरटीओ को निर्देशित किया कि बिना परमिट किसी कीमत पर अवैध वाहन न चलने पाएं। अभियान चलाकर ऐसे वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। प्रधानाध्यापकों एवं संकुल प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि बच्चों के नामांकन उनकी कक्षा के अनुसार अपने-अपने स्कूलों में तत्काल कराएं। अभिभावकों से भी बच्चों का मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नामांकन कराने की अपील की गई। कहा कि नामांकन संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के मोबाइल नंबर 9453004199 पर संपर्क कर सकते हैं। इस मौके पर सीडीओ हरिशंकर सिंह, ज्ञानपुर एसडीएम अमृता सिंह, बीएसए, अमित कुमार सिंह समेत सभी खंड शिक्षाधिकारी मौजूद रहे।