ऊंज। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने कहा कि आपके एक-एक वोट से मुझे मजबूती मिली। दो दशक से आपका सेवक हूं और आजीवन चौकीदारी करूंगा। सभी के विकास की नैतिक जिम्मेदारी हमारी है। वह शनिवार को डीघ के बेलहुआं गांव में 25 लाख की लागत से बनने वाले शहीद शीतल पाल बारात घर के शिलान्यास समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि अधिकतर लोग विधायक निधि को सिर्फ विद्यालयों पर खर्च कर देते हैं लेकिन मैं हर समस्या पर ध्यान देता हूं। बिजली, पेयजल, सड़क, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र ,खड़ंजा, सोलर लाइट, सोलर पंप के साथ ही बारात घर बनवा रहा हूं। वहां मौजूद लोगों से पौधरोपण करने, बेटों संग बेटियों को पढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सूबे का चहुंमुखी विकास हो रहा है। ईमानदारी और पादर्शिता से सभी काम हो रहे हैं।
पूर्व की सरकारों में सभी नियुक्तियां विवादों में रहती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है। हमारा स्वागत और मुंबई और गुजरात में हो रहा है तो यह आपकी वजह से है। आप सबकी सुरक्षा, शिक्षा और चिकित्सा के लिए खून की आखिरी बूंद तक संघर्ष करूंगा। इसके पूर्व ज्ञानपुर विधायक और एमएलसी रामलली मिश्रा ने 25 लाख की लागत से बनने वाले बारातघर का विधि विधान से शिलान्यास किया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह प्लास्टिक का प्रयोग करना बंद करें। विधायक ने बारात घर में बर्तन देने की घोषणा की।
भोजपुरी गायक राजेश परदेशी ने शहीद शीतल पाल की गाथा गीतों के माध्यम से सुनाई। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव और संचालन रविंद्र कुमार पाल ने किया। इस मौके पर रामकिशुन पाल, छोटेलाल यादव, बैजनाथ सरोज जगदंबा शुक्ला, योगेंद्र सिंह बाबा, हीरालाल पाल, राजिराम यादव, रमाशंकर पाल, रामसागर, जयशंकर, धर्मराज पाल, सूबेदार, रामसागर, सदानंद, अजय पाल, विजय बहादुर, मुन्ना पांडेय, गुड्डू जायसवाल, बच्चूराम पाल, राजपति पाल आदि रहे।