ज्ञानपुर। माध्यमिक वित्तविहीन संयुक्त शिक्षक मोर्चा के बैनर तले वित्तविहीन शिक्षकों ने मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना दिया। तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा। शिक्षकों ने चेताया कि 19 नवंबर तक उनकी मांगों पर कदम न उठाए गए तो 20 नवंबर को विधानसभा का घेराव करेंगे। मुख्य अतिथि शिक्षक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आरपी सिंह ने कहा कि राजकीय और वित्तपोषित विद्यालयों से काफी ज्यादा विद्यार्थी वित्तविहीन विद्यालयों में पढ़ते हैं। यहां के शिक्षकों को अल्प मानदेय मिलता है। कई वर्षों से मानदेय के लिए मांग की जा रही थी। सपा सरकार में उनका मानदेय भी लग गया, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे भी बंद कर दिया। समान शिक्षा देने के बाद भी उन्हें समान मानदेय नहीं मिल पा रहा है। वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा नियमावली, मान्यता की असंगत धारा सात (क) को सुसंगत धारा सात (4) में परिवर्तित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का रवैया शिक्षक हित में नहीं है। मंडल प्रभारी उमेश चंद्र बिंद ने कहा कि सरकार समान शिक्षा समान मानदेय को लागू करे अन्यथा शिक्षक 2019 में सबक सिखाएंगे। अध्यक्षता डीएन यादव ने किया। मौके पर अनिल कुमार बिंद, हंसराज तिवारी, संजय शुक्ला, समर बहादुर शर्मा, सभाजीत तिवारी, बसंतलाल यादव, लालदेव दूबे, हरिश्चंद्र यादव, सतवंत सिंह, शशिकांत आदि रहे।