ऊंज। महाबीर इंटर कॉलेज बिछिया में मंगलवार को ग्राम स्वराज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि हर वर्ग को लाभान्वित करना सरकार की मंशा है। इसलिए दवाई, पढ़ाई और सिंचाई सब कुछ नि:शुल्क कर दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि पीएम के स्वच्छता मिशन को प्रभावी बनाने के लिए सभी आगे आए। खुले में शौच न जाएं शौचालय का प्रयोग करें। मनरेगा से रोजगार, कच्चे घर वालों को आवास, फसलों का बीज दिया जा रहा है। आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख तक का उपचार नि:शुल्क मिलेगा। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार हर गरीब का विकास करना चाहती है। पात्रों का चयन कर उन्हें लाभान्वित किया जाए। डीएम राजेंद्र प्रसाद ने अधिकारियों को हिदायत दी कि योजनाओं का लाभ देने में लापरवाही न बरतें। पात्रों को ही लाभ दिया जाए। सीडीओ हरिशंकर सिंह ने भी जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पात्रों को लाभ पहुंचाना हम सभी का नैतिक कर्तव्य और जिम्मेदारी है। इस दौरान स्वच्छता ही सेवा है, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, एनआरएलएम, प्रधामंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मिशन इंद्रधनुष, कुपोषण से बच्चों की मुक्ति, कौशल विकास मिशन, प्रधानमंत्री रोजगार योजना आदि पर प्रकाश डाला गया। भोजपुरी गायक राजेश परदेशी ने स्वच्छता गीत प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। इस मौके पर आरबी मौर्य, बीएसए अमित कुमार, डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी, रविशंकर पांडेय, सुनील मिश्र, चंद्रभाल सिंह आदि रहे।