भदोही। कोतवाली क्षेत्र के रामरायपुर में अवधेश राय के मकान में बुधवार की रात आग लग जाने से नगदी और लाखों रुपये की गृहस्थी के सामान राख हो गए। आग लगने से क्षेत्र में अफरातफरी मची रही। पड़ोस के लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। सेवानिवृत्त शिक्षक अवधेश राय ने बताया कि रात में गांव के पूजा पंडाल में आरती होनी थी। घर के सभी लोग आरती देखने चले गए थे। रात करीब आठ बजे बेटे पंकज के कमरे में आग लग गई। कुछ लोगों से घर के अंदर धुंआ निकलते देखा तो इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में घर के सारे लोग पहुंच गए और पड़ोसियों की मदद से आग को बुझाने में लग गए। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान टीवी, आलमारी, पंखा, आलमारी में रखे आभूषण, नगदी और कीमती कपड़े आदि जलकर नष्ट हो गए। घर वालों का अनुमान है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। परिवार वालों ने बताया कि आग से करीब दो लाख का नुकसान हुआ है।