लालानगर। गोपीगंज के बड़ेशिव धाम परिसर में तालाब के सुंदरीकरण के कार्य में मानक का अनुपालन न किए जाने का मामला सामने आने के बाद शनिवार को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के सहायक अभियंता जांच करने के लिए मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य का अवलोकन किया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत की।
बाबा बड़े शिव मंदिर सुंदरीकरण की जांच शनिवार को सहायक अभियंता ने की। सुंदरीकरण के लिए पर्यटन विभाग की ओर से करोड़ों रुपये का बजट कार्यदायी संस्था को जारी किया गया था। जिसमें मानक के विपरीत काम कराने की लोगों ने शिकायत की थी। सुंदरीकरण में मंदिर के पुजारी समेत आसपास के लोगों ने कार्यदायी संस्था पर मानक के विपरीत निर्माण कराने का आरोप लगाया था। शिकायत के मामले में जिलाधिकारी के निर्देश के बाद शनिवार को उन्होंने कार्यदायी संस्था से उक्त मामले में बातचीत कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। कहा कि मानक के मुताबिक ही कार्य कराए जाएगा। इस मौके पर बाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति के रामकृष्ण गुप्ता, भिखारी अग्रवाल, बाबा जायसवाल, शिव जायसवाल, दिनेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।