औराई। काशीराज इंटर कॉलेज के मैदान पर बृहस्पतिवार को कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महिला पहलवानों ने भी खूब जोर आजमाइश की। दूसरे राज्यों से आईं महिला पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव आजमाए और प्रतिस्पर्धियों को चित किया। कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवान एक-दूसरे को कभी चित तो कभी पट करते रहे। दर्शक दीर्घा में बैठे लोग पहलवानों में जोश भरते रहे। इस दौरान पांच हजार से लेकर 51 हजार रुपये तक के मुकाबले हुए। पंजाब से आईं गुरमीत पहलवान, अयोध्या से आए बाबा पहलवान, सोनाली पहलवान दिल्ली, सोनम पहलवान नोएडा, रानी सिंह बिहार, पवन पहलवान वाराणसी, शेरू पहलवान झारखंड के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। महिला पहलवानों की कुश्ती लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। कुश्ती के आयोजक पट्टर शुक्ला और अंबुज मिश्रा ने आए हुए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर श्याम मुरारी दूबे, साधु तिवारी, तोयज मिश्रा, रोहित शुक्ला, बुद्धिराम, बल्ली पाल, राहुल मिश्र समेत गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।