ज्ञानपुर। जिला स्टेडियम मूंसीलाटपुर में आयोजित 20वीं जिला स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में भदोही ब्लॉक प्रथम स्थान पर रहा, जबकि द्वितीय स्थान पर ज्ञानपुर रहा। औराई को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। ब्लॉकों से आने वाली टीमों ने सांस्कृतिक एवं खेलकूद के माध्यम से अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने विजेता टीम एवं खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। मेहनत और लगन से कोई भी काम असंभव नहीं है। दो दिनों तक जिले के छह ब्लॉकों से आई टीमों ने कबड्डी, दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद जैसे खेलों में जमकर पसीना बहाया। लंबी कूद बालिका वर्ग में सीमा प्रथम, नेहा द्वितीय और प्रियंका तृतीय रहीं। गोला फेंक में शिवानी मौर्य प्रथम, मंजू यादव द्वितीय और नीलम मौर्य तीसरे स्थान पर रहीं। चक्का फेंक में स्मृति पाठक प्रथम, मंजू यादव दूसरे और तनू सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। ऊंची कूद में रूबी उपाध्याय प्रथम, नेहा बिंद द्वितीय और प्रतिमा तृतीय रहीं। जिम्नास्टिक में पूर्व माध्यमिक विद्यालय परगासपुर की छात्रा कोमल मौर्य, विभा यादव, पलक पांडेय ने बेहतर प्रदर्शन कर वाहवाही लूटी। समूह गान में परगासपुर भदोही विजेता जबकि चंद्रपुरा औराई उप विजेता रहा। ओवरआल भदोही ब्लॉक प्रथम, ज्ञानपुर द्वितीय और औराई तीसरे स्थान पर रहा। इस मौके पर सुधीर सिंह, घनश्याम यादव, मनोज उपाध्याय, अशोक गुप्ता, अखिलेश यादव, तेज बहादुर पाल, मजीदुल्ला खां, सूर्यमणि मौर्य, समरजीत यादव, मानिक यादव, कांग्रेस जिला महासचिव अनुपम आनंद उपाध्याय, रविंद्र पांडेय आदि रहे। संचालन योगेश पांडेय ने किया।