ज्ञानपुर। नगर पंचायत क्षेत्रमें लगे 30 सरकारी हैंडपंपों पर अतिक्रमण करने से नाराज आधा दर्जन से अधिक सभासदों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है। पत्र में घरों में लगे हैंडपंपों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने मामले में नगर पंचायत के स्टॉफ पर मिलीभगत करने का आरोप लगाया। सभासद कनकलता रावत, प्रदीप रावत,इरफान अहमद, राकेश यादव, मैना देवी, रमेशचंद आदि ने आरोप लगाया कि पूर्व में चार बिंदुओं पर लिखित शिकायत की गई थी। डीएम के आदेश पर जेई विनियमित क्षेत्र से जांच कराई गई। जेई ने नगर क्षेत्र में 30 हैंडपंप अवैध रूप से लगे पाए, जो कि सार्वजनिक स्थल के बजाए निजी स्थानों पर लगे थे। आरोप लगाया कि एडीएम ने अतिक्रमण किए गए हैंड पंपों को मुक्त कराने के लिए एसडीएम को निर्देश दिया। लेकिन नगर पंचायत के स्टॉफ की मिलीभगत से निर्देश का पालन नहीं हो रहा है।