संवाद न्यूज एजेंसी ज्ञानपुर। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को अंतरिम बजट पेश किया। बजट में उन्होंने महिलाओं, युवाओं के साथ स्वास्थ्यकर्मियों की बेहतरी की दिशा में तमाम योजनाओं का लाभ दिए जाने का ऐलान किया। इसके अलावा आम आदमी को राहत देते हुए आवास और उज्ज्वला जैसी योजनाओं का विस्तार किया है। वित्त मंत्री के ऐलान के बाद जिले में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आम लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
वित्त मंत्री ने बजट में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल के तहत तहत 9-14 साल की बच्चियों में सर्वाइकल कैंसर के रोकथाम के लिए मुफ्त में वैक्सीन लगाने की योजना का ऐलान किया। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों को माने तो भदोही में किशोरियों की संख्या लगभग पौने दो लाख के आसपास है। इन सभी किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर के रोकथाम के लिए मुफ्त में वैक्सीन लगाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी बहनों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिये जाने की बात कहीं। स्वास्थ विभाग के अनुसार जिले में 1352 आशा कार्यकत्री कार्यरत हैं। वहीं 546 ग्राम पंचायतों में 1496 आंगनबाड़ी केन्द्र है। जहां इतने ही आंगनबाड़ी कार्यकत्री और उनकी सहायिका तैनात है। सरकार की घोषणा इन सभी को आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा। वित्त मंत्री ने अपने अंतरिम बजट में लखपति दीदी योजना का विस्तार करते हुए लखपति दीदी के लक्ष्य को दो करोड़ से बढ़ाकर तीन करोड़ किया। भदोही जिले में करीब 8000 स्वयंसेवी संगठन काम करते हैं। इन सभी संगठनों से लगभग 90 हजार महिला व पुरूष जुड़े हुए है। हालांकि इसमें महिलाओं की संख्या 80 फीसदी से अधिक है। अब इन महिलाओं को लखपति दीदी योजना का लाभ मिल सकेगा। योजना के तहत उन्हें सरकार की ओर से कई तरह की स्किल ट्रेनिंग मिलने के साथ ही ब्याज मुक्त लोन भी उपलब्ध हो सकेगा। इसी तरह वित्त मंत्री ने नए परिवारों को उज्जवला योजना का लाभ दिए जाने की बात कही। डीएसओ सीमा सिंह के मुताबिक जिले में करीब साढ़े तीन लाख पात्र गृहस्थी और 36 हजार अत्योदय कार्डधारक शामिल हैं। इनमें से अब तक एक लाख 98 हजार लोगों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है। सरकार की नई योजना के मुताबिक शेष लोग भी अब उज्जवला योजना का लाभ पा सकते हैं। वहीं वित्त मंत्री नए परिवारों को सस्ते घर देने का ऐलान किया है। डूडा कार्यालय के अनुसार जिले में नगरीय आवास योजना के तहत करीब 10 हजार और ग्रामीण आवास योजना के तहत 2600 लोगों ने आवेदन किया है। सरकार की घोषणा से इनको पक्का घर मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।