भदोही ब्लाक के असोगापुर-कंधिया में लगा सोलर सिंचाई पंप। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। खेती में लागत बढ़ने से कई किसान इससे मुंह मोड़ रहे थे। ऐसे में सिंचाई में आने वाली लागत को कम करने के लिए सरकार ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना लांच की है। इसमें किसानों केे 60 फीसदी अनुदान पर सोलर पंप देने की व्यवस्था है। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलने वाले लाभ के लिए जिले में 12 जुलाई तक आवेदन हुआ था। उसमें कुल 140 किसानों ने आवेदन किया। हालांकि लाभ 75 को ही मिलना है। अब किसान अपना अंश जमा कर रहे हैं। कृषि विभाग के अधिकारी ने जल्दी अपना अंश जमा करने की अपील भी किसानों से किए हैं। जिला कृषि अधिकारी अशोक प्रजापति ने बताया कि कुल 140 लोगों ने आवेदन किया है। जिसका जिस क्रम में टोकन आ रहा है उसी क्रम में अपना अंश जमा कर रहा है। मिर्जापुर मंडल में आने वाले जनपदों की ऑनलाइन बुकिंग तीन जुलाई से शुरू हुई थी। जिले को 75 पंप देने का लक्ष्य दिया गया है। इसमें 30 फीसदी केंद्र और 30 फीसदी राज्य से यानी 60 फीसदी छूट का लाभ मिलेगा। 32 किसान अपना अंश जमा कर चुके हैं। टोकन जनरेट होने के एक सप्ताह के भीतर ही किसान को अपना अंश जमा करना होता है। पंप आदि मिलने के लिए अभी किसानों को कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है।