ज्ञानपुर। जिले के 37 राजकीय माध्यमिक एवं इंटर कॉलेजों में पढ़ने वाले कक्षा-9 से 12 तक के 7216 विद्यार्थियों की अब ओएमआर शीट के माध्यम से यूनिट टेस्ट कराया जाएगा। 26 नवंबर को सुबह 10 से 11.30 बजे तक सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में एक साथ परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा में विद्यार्थियों को 75 बहु विकल्पीय प्रश्न हल करने होंगे। परीक्षा के बाद 24 घंटे में ओएमआर शीट अपलोड होगी। जिले में संचालित सभी 39 राजकीय माध्यमिक एवं इंटर कॉलेजो में कक्षा नौ से 12वीं तक छात्र-छात्राओं की संख्या करीब सात हजार से अधिक है। इसमें पीएम श्री विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और एक राजकीय संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों को शामिल नहीं किया गया है।
इसके अलावा 37 विद्यालय में पढ़ने वाले 7216 विद्यार्थियों के लिए मिड लाइन असेसमेंट कराया जाएगा। प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट के पैकेट राजकीय विद्यालयों में भेजा जा रहा है। विद्यालयों स्तर पर ही शिक्षकों की निगरानी सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक उपस्थित बच्चों का टेस्ट कराया जाएगा। छात्र-छात्राओं से सामाजिक विज्ञान, हिंदी, गणित एवं विज्ञान विषय से संबंधित 15 से 20 प्रश्न यानी कुल 75 सवाल पूछे जाएंगे, जिनके जवाब ओएमआर शीट पर दिए जाएंगे।
समिति के सचिव एवं समग्र शिक्षा-माध्यमिक के जिला समन्वयक प्रदीप पांडेय ने बताया कि कक्षा नौवीं से 12वीं के कुल 7216 विद्यार्थी टेस्ट में शामिल होंगे।
टेस्ट में भाग लेने वाले सभी बच्चों की ओएमआर शीट का मूल्यांकन कराया जाएगा, जिससे पता चल सकेगा कि बच्चे पढ़ाई में कितना काबिल बने हैं।