गोपीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुआडीह-इलाहाबाद सिटी रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के दौरान समुचित प्रबंधन के अभाव में सिग्नल फेल हो जाने से मंगलवार की रात तमाम रेलगाड़ियां घंटों विलंब से चलीं। मंगलवार की देर शाम से सिग्नल फेल होने के कारण रातभर गाड़ियों का संचालन प्रभावित रहा। इस दौरान भीषण गर्मी में यात्रियों को पानी-चाय की समस्याओं से जूझना पड़ा।
रेलखंड पर चल रहा दोहरीकरण कार्य माधोसिंह स्टेशन तक पूर्ण होने वाला है। इस बाबत पहले से लगे सिग्नल कंट्रोलरों की केबिलें मशीनों की जद में आकर क्षतिग्रस्त हो जा रही हैं। मंगलवार को शाम माधोसिंह स्टेशन का पश्चिमी सिग्नल फेल होने के कारण 12792 अप दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस को 30 मिनट माधोसिंह स्टेशन पर रोका गया। यह ट्रेन पहले ही अपने निर्धारित समय से 25 मिनट विलंब से चल रही थी। ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर ये ट्रेन एक घंटे बाद पहुंची। मंडुआडीह से नईदिल्ली जाने वाली सुपरफास्ट शिवगंगा एक्सप्रेस के पार होते ही सिग्नल जवाब दे गया। इसके कारण दो घंटे विलंब से चल रही 22131 पुणे-मंडुवाडीह डाउन ज्ञानगंगा एक्सप्रेस को ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर डेढ़ घंटे तक रोका गया। इससे यात्री बेहाल रहे। उन्हें गर्मी में पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। रूट के ज्यादातर स्टेशनों पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसी तरह अन्य पैसेंजर और गाड़ियां भी विलंबित हुईं।