लालानगर। सिक्सलेन निर्माण और वाहनों के दबाव से हाइवे बुधवार को एक बार फिर जाम में जकड़ गया। लालानगर टोल प्लाजा से गोपीगंज तक दोनों लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम को समाप्त कराने में राजमार्ग के प्रमुख चौराहों-तिराहों पर तैनात पुलिस कर्मी हांफते रहे। जमा से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हाइवे पर सिक्सलेन निर्माण के चलते जगह-जगह काम चल रहा है। औराई से जंगीगंज के बीच राजमार्ग पर चल रहे सिक्सलेन निर्माण के कारण आधा दर्जन स्थानों पर रुट को डायवर्ट करने तथा अंडरपास निर्माणाधीन होने से उत्तरी और दक्षिणी लेन को काफी सकरी कर दी गई है। तीन दिनों से शादी-विवाह का दौर बढ़ जाने से आम दिनों की अपेक्षा वाहनों की संख्या में बढ़ोत्तरी बनी रही। जो दूरदराज क्षेत्रों को आवागमन कर रहे बड़े वाहनों की चाल थामने में महती भूमिका अदा की। राजमार्ग को जोड़ने वाले औराई चौराहा-मिर्जापुर मार्ग, लालानगर, गोपीगंज-चील्ह मार्ग, ज्ञानपुर-गोपीगंज मार्ग, कठौता-दानूपुर मार्ग, जंगीगंज-धनतुलसी मार्ग, वहिदानगर-सुरियावां समेत कई अन्य चौराहे-तिराहे शादी में पहुंचने वाले वाहनों के कारण जाम में उलझे रहे। इसके कारण राजमार्ग के दोनों लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग जाने से लोगों को फजीहत का सामना करना पड़ा।दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक दो से तीन किमी का लंबा जाम लगा रहा। इस दौरान रूट डायवर्ट के दौरान आने वाले वाहनों के चलते हाइवे से गुजर रहे वाहन आमने-सामने आ जाते, जिससे जाम की स्थिति और खराब होती रही, हालांकि पुलिसकर्मियों की मशक्कत से जाम पांच बजे तक समाप्त हो गया।