गोपीगंज। भाजपा विकास के मुद्दे पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल कार्रवाई कर तीन दिन के अंदर विंग पायलट अभिनंदन को वतन वापस कराया। इसके बाद अब पाकिस्तान कभी सिर उठा नहीं सकेगा। उक्त बातें शनिवार को पश्चमि बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और खड़गपुर सदर विधायक दिलीप घोष ने कांजी हाउस स्थित एक कालीन प्रतिष्ठान में पत्रकारों से कहीं। इस मौके पर भाजपा अनुसूचित जनजाति काशी प्रांत प्रभारी विवेक सोनकर भी रहे।
उन्होंने कहा कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ नहीं बल्कि आतंकवाद के खिलाफ है। पुलवामा में जिस तरह से पाकिस्तानी आतंकवादियों ने भारतीय सेना के 40 जवानों को मार गिराया था, उसका बदला प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवादियों के ठिकानों का सफाया कर ले लिया। अभी तक ऐसे ठोस कदम पूर्व में किसी भी सरकार ने नहीं उठाया। प्रधानमंत्री की देन है कि पाकिस्तान इतना डरा है कि पायलट अभिनंदन को रिहा कर दिया। कहा कि भाजपा को मजबूती मिल रही है। बंगाल के चुनाव में भी ममता बनर्जी को उखाड़ फेकेंगे। ममता बनर्जी के विधायकों की हत्या उन्हीं के पार्टी के लोग करते हैं नाम भाजपा का लेते हैं किंतु जांच में वही लोग फंसते हैं। नगर पालिका अध्यक्ष प्रहलाद दास गुप्ता, ज्ञानेश्वर अग्रवाल, बृजेश गुप्ता, प्रभात कुमार, समाजसेवी विश्वंभर जायसवाल आदि ने दोनों नेताओं का स्वागत किया।