भदोही। नगर के दरोपुर में लाखो रुपये की लागत से बनकर बेकार पड़े नवीन सब्जी मंडी को नगर पालिका ने कस्बा पुलिस चौकी निर्माण के लिए देने का प्रस्ताव किया है। शनिवार को पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल के इस प्रस्ताव को मिनी सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। बैठक में पालिका ने यह भी प्रस्ताव किया नगर क्षेत्र में भवनों के निर्माण की संस्तुति देने से पूर्व भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) को पालिका से नो आब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) लेना अनिवार्य होगा।
सदन की बैठक में पालिकाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में जिस स्थान पर कस्बा पुलतिस चौकी है वह जर्जर हो चुका है। उसके स्थान पर नए जगह की तलाश जनपद का पुलिस महकमा कर रहा है। बताया कि इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक से वार्ता के बाद उन्होंने बेकार पड़े सब्जी मंडी की जमीन पुलिस प्रशासन को देने का मन बनाया। उन्होंने सदन को बताया कि पालिका केवल जगह देगी जिस पर पुलिस प्रशासन निर्माण करा सकेगा।
मिनी सदन में बीडा द्वारा नगर क्षेत्र में पास किए जा रहे भवन मानचित्र पास किए जाने पर भी चर्चा की गई। कई सभासदों का मत था कि यह अधिकार पालिका के पास होना चाहिए। इस पर काफी विचार विमर्श करने के बाद तय किया गया कि इस संबंध में शासन से मांग की जाएगी। लेकिन तब तक बीडा जो भी भवन मानचित्र पास करेगी नगर पालिका से एनओसी लेना अनिवार्य होगा।
14वें वित्त आयोग 2017-18 व 18-19 में खोली गई लगभग 5.44 करोड़ की निविदाओं को बोर्ड की स्वीकृति मिल जाने से 44 नग कार्य संपनुन कराने का रास्ता साफ हो गया है। ये निर्माण कार्य सभी 25 वार्डों में होगा। बैठक में स्ट्रीट लाइट मरम्मत हेतु एलईडी ड्राइवर की आपूर्ति के लिए 4.75 की स्वीकृति बोर्ड ने दी। जबकि स्ट्रीट लाइट मरम्मत के लिए केबिल, मेन स्विच आदि सामग्री क्रय करने क लिए 4.80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। 8.50 लाख से अधिष्ठापित 5 हार्स पावर के सबमर्सिबल पंप के मोटर, पैनल स्टार्टर, स्टेबलाईजर आदि मरम्मत के लिए स्वीकृत किया गया जबकि आगामी त्योहारों, आयोजनों के लिए प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि विस्तारकों व कैंप पर खर्च के लिए 9.85 लाख रुपये स्वीकृती दी गई। बैठक का संचालन राम सजीवन ने किया। करुणा शंकर दूबे, गुलाम संजरी, रमेश सरोज, महेंद्रनाथ बिंद, राधा देवी, गिरधारी जायसवाल, इरशाद अंसारी, संजय यादव, रचना मौर्य, जितेंद्र यादव, मुन्नीलाल यादव, सुजीत यादव, रंजीता देवी, मंदाकिनी देवी, नेेेेहा, सबीना बेगम, नेहा परवीन, मो.अफसर, नजरुन, हेमंत कुमार, राकेेेेश कुमार आदि रहे।