ज्ञानपुर। एमएसएमई सपोर्ट आउटरिच योजना को लेकर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने उद्यमियों और किसानों से आधार कार्ड बनवाने और बैंक खाता खुलवाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए यह जरूरी है। कहा कि प्रदेश के विशिष्ठ उत्पादों की राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ब्राडिंग प्राथमिक उद्देश्य है। साथ ही रोजगार सृजन, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए सामर्थ्य के विकास, तकनीकी उन्नयन, कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों के कौशल विकास और ग्रामीण सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के विकास को भी ध्यान में रखना चाहिए। कहा कि 59 मिनट के ऋण वितरण योजना का लाभ ज्यादातर लोग नहीं ले पाए। बैंक के अधिकारियों को हिदायत दी कि अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाएं। बुनकरों से कहा कि जब प्लान करके काम शुरू करेंगे तो कभी पीछे नहीं हो पाएंगे। कहा कि बुनकरों को काम सीखने के बाद केंद्र सरकार की ओर से बुनकर सर्टिफिकेट दिया जाता है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह, कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के एक्सीक्यूटिव डायरेक्टर संजय सिंह, एलडीएम अमिताभ सेन आदि मौजूद रहे।