ज्ञानपुर। प्रमुख सचिव श्रम सुरेश चंद्रा ने बुधवार को भदोही ब्लॉक के दो आवासीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश भवन और सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से संचालित विद्यालयों में पठन-पाठन और छात्र-छात्राओं को दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। प्रमुख सचिव ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर जहां उनकी प्रगति की जानकारी ली, वहीं विभागीय तैयारियों को भी नजदीक से देखा।
प्रमुख सचिव श्रम ने बुधवार को विहान आवासीय बालिका विद्यालय फत्तूपुर और विहान आवासीय बालक विद्यालय गंगापुर का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले फत्तूपुर आवासी बालिका विद्यालय में पहुंचे प्रमुख सचिव ने विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा, रहन-सहन और पठन-पाठन की जानकारी ली। इस दौरान गड़बड़ियां मिलने पर जिम्मेदारों को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली खामियों को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया। इसके बाद वह गंगापुर के आवासी बालक विद्यालय में गए। वहां बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई की प्रगति देखने के साथ ही उन्हें दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ प्रयागराज डिप्टी लेबर कमिश्नर राकेश द्विवेदी, मिर्जापुर मंडल के डिप्टी लेबर कमिश्नर सरजू राम, मिर्जापुर सहायक श्रमआयुक्त आरके पाठक, ज्ञानपुर श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशिकांत, प्रतिमा मौर्य, इंद्रजीत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।