भदोही। भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने कहा कि देश कि एकता-अखंडता के लिए भाजपा का सत्ता में बने रहना समय की मांग है। कहा कि आजादी के बाद पहली बार पिछड़ी जाति के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। देश का पिछड़ा वर्ग आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को फिर सत्ता सौंपने को तैयार है।
बुधवार को श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में पार्टी के काशी क्षेत्र के ओबीसी प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने कहा कि जब किसी सरकार से गरीबों की अपेक्षा पूरी होती है तो तब उनमें विश्वास पैदा होता है। आज वही विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों में पैदा किया है। ओबीसी वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जा रही हैं। कहा कि भाजपा समाज के हर वर्ग को आदर सम्मान देते हुए देश को विश्व गुरु बनाने की दिशा में बढ़ रही है।
पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष बाबू राम निषाद ने कहा आज भाजपा है तो देश और प्रदेश में कानून का राज है। बहन- बेटियां सुरक्षित महसूस कर रही हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा और नवजातों के पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यालयों की दशा में व्यापक परिवर्तन आया है। उप्र खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष गोपाल अंजान ने कहा कि 2019 लोकसभा चुनाव दूर नहीं है। उन्होंने कहा कि बीते चुनाव की तरह जोश दिखाना है। सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। अध्यक्षता मदनलाल बिंद ने की। प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा, प्रदेश महामंत्री ओबीसी मोर्चा पूरन लोधी, मंत्री काशी क्षेत्र आशीष सिंह, सांसद वीरेंद्र सिंह, विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी व दीनानाथ भाष्कर, अश्वनी भाई पटेल, पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल, जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक, कामता चौरसिया, रोहित पांडेय, गोवर्धन राय, विनीत बरनवाल, प्रिंस गुप्ता, प्रिय श्रीवास्तव, सुनील यादव, राम खेलावन बिंद, इंद्रदेव कुशवाहा, राजेश पटेल, मनोज कुशवाहा, सुरेश वर्मा, चंदन पटेल आदि ने भी संबोधित किया।
कांग्रेस पर प्रहार करना नहीं भूले
भदोही। भाजपा काशी क्षेत्र पिछड़ा प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में पार्टी नेता पार्टी की नीतियों पर बखान करते करते विपक्ष पर प्रहार करना नहीं भूले। प्रदेश संगठन मंत्री, सुनील बंसल ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने इतने साल राज किया, लेकिन इस दौरान भ्रष्टाचार और घोटाले ही उसके कार्य रहे। कांग्रेस का कार्य अब समाप्त हो चुका है। राहुल गांधी के नेतृत्व में अब कांग्रेस के दिन नहीं बहुरने वाले। जनता ने उन्हें नकार दिया है। और इससे अपना आपा खो चुकी है और देश को बांटने के काम में लगी है।