ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाओं को नकल विहीन सकुशल संपन्न कराने के लिए शिक्षा महकमा और प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। चार सचल दस्ते गठन किया गया है। जो परीक्षा केंद्रों के चक्रमणकर नकल को रोकेंगे। जिले के 72 परीक्षा केंद्रों पर 10वीं और 12वीं के 59500 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षाएं छह फरवरी से शुरू हो जाएंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम सरोज वर्मा ने बताया कि नकल रोकने के लिए चार सचल दस्ते का गठन किया गया है। इन दस्तों का नेतृत्व मैं, बीएसए, डायट प्राचार्य और वित्त एवं लेखाधिकारी करेंगे। हर दस्ते में पुरुष और महिला शिक्षकों को शामिल किया गया है। इसके अलावा हर परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए जाएंगे। हर हाल में नकलविहीन सकुशल परीक्षा को संपन्न कराना है। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे परीक्षा के दौरान बंद पाए गए तो केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।