ज्ञानपुर। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों के विकास के लिए तमाम योजनाएं लागू की है। 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के लिए सरकार गंभीर है। किसानों के विकास से ही देश विकसित होगा। वह रविवार को पूरेदीवान गांव में आयोजित किसान स्वाभिमान सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत किसानों का देश है और किसान गांव में रहते हैं। जब तक किसानों की आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं होगी देश तरक्की की राह पर नहीं बढ़ सकता। सरकार किसानों की स्थिति सुधारने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा, अनुदानित योजनाएं, ऋण समेत कई योजनाओं को लागू किया है। कल्याणकारी योजनाओं से किसान अपनी स्थिति सुधार सकते हैं। इस दौरान कड़ी मेहनत कर परिवार को आगे बढ़ाने वाले 103 किसानों को सांसद ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने नहर की खुदाई, गांव में व्यायाम शाला बनवाने की घोषणा किया। इसके पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेंद्र सिंह उर्फ चिंटू बघेल ने सांसद को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान कई भाजपा नेताओं, प्रधानों ने सांसद एवं जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। संचालन लोकसभा पालक नागेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर महेंद्र बिंद, अंजनी शुक्ला, सुनील मिश्र, गगन गुप्ता, मदन बिंद, आनंद शुक्ला, अनिल शुक्ला, सच्चन दूबे, मयंक सिंह, नवीन मिश्रा, दिनेश यादव, सभासद मोहित, जितेंद्र आदि मौजूद रहे।