सुरियावां (भदोही)। जनपद में बिजली की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अघोषित कटौती के साथ-साथ छोटे-छोटे फाल्ट और ट्रांसफार्मर जलने से बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही है। बिजली की इस दशा से नागरिकों में रोष व्याप्त है।
जिले के सुरियावां नगर के वार्ड संख्या दो अंबेडकर नगर में ट्रांसफार्मर जलने से एक पखवारे से अंधेरा पसरा हुआ है। इससे गुस्साए उपभोक्ताओं ने शनिवार को विद्युत उपकेंद्र सुरियावां पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नया ट्रांसफार्मर तत्काल लगवाने के लिए धरना-प्रदर्शन के दौरान व्यापक आंदोलन करने की चेतावनी दी। विरोध प्रदर्शन करने वालों ने कहा कि वार्ड संख्या दो 15 दिनों से बिजली नहीं आ रही है। ट्रांसफार्मर जला पड़ा है। अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारी नया ट्रांसफार्मर लगवाने का केवल कोरा आश्वासन दे रहे हैं। उपभोक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 72 घंटे में जले ट्रांसफार्मर को बदलने का फरमान जारी किया है, लेकिन इस आदेश का अधिकारी पालन नहीं कर रहे है। आदेश की लगातार अवहेलना की जा रही है। धरना देने वालों में सुरेंद्र, जतन, राजकुमार, शशिकांत, राजनाथ, शिवराम, महेश, मुकेश, कांता, उमा, विजय, संतलाल आदि शामिल रहे।