सीतामढ़ी। गंगा के जल स्तर में फिर धीरे-धीरे वृद्धि शुरू हो गई है। जलस्तर में वृद्धि होने से गंगा की लहरें किनारों तक हिलोरें मारने लगी हैं। शुक्रवार को गंगा का जलस्तर 71 मीटर पार कर गया, हालांकि अभी गंगा तटीय गावों में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है, लेकिन इसी तरह पानी का जलस्तर बढ़ता रहा तो आने वाले कुछ दिनों में छेछुआ और भुर्रा गांव में कटान शुरू हो जाएगा।
तीन ओर गंगा नदी से घिरे कोनिया क्षेत्र में गंगा कटान एक प्रमुख समस्या है। गंगा में बाढ़ शुरू होते ही कोनिया के कई गावों के किसानों की बर्बादी भी शुरू हो जाती है। इस वर्ष गंगा का जल स्तर लगभग ठहरा हुआ है। पिछले एक पखवारे से जल स्तर में मामूली घटाव -बढ़ाव होता रहा। वृहस्पतिवार से जल स्तर में मामूली वृद्धि होनी शुरू हुई जो शुक्रवार सुबह से 1 सेंटी मीटर प्रति घंटे की रफ़्तार तक पहुँच गया, हालांकि शाम को भी जल स्तर बढ़ने की गति 1 सेंटी मीटर ही दर्ज की गई। केंद्रीय जल आयोग के मीटर गेज स्थल सीतामढ़ी कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शाम 6 बजे जल स्तर 71.110 मीटर तक पहुंच गया। हालांकि एक माह पूर्व 14 जुलाई को जल स्तर 71.360 मीटर तक पहुंचा था।